डॉ चरणदास महंत को कांग्रेस आलाकमान ने सौंपी बड़ी जिम्मेदारी

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डॉ चरणदास महंत को कांग्रेस आलाकमान ने ओडिशा कांग्रेस से जुड़े मसलों पर रिपोर्ट तैयार करने की अहम जिम्मेदारी सौंपी है। पार्टी नेतृत्व ने उन्हें ओडिशा कांग्रेस में चल रहे विवादों की डिटेल रिपोर्ट बनाने के लिए नियुक्त किया है। डॉ महंत को सोनिया गांधी के करीबी नेताओं में गिना जाता है और वह छत्तीसगढ़ व मध्यप्रदेश की राजनीति को गहराई से समझते हैं।
हाल में हुए लोकसभा चुनाव में डॉ महंत छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश के सबसे प्रभावशाली नेताओं के रूप में उभरे हैं। उनकी राजनीतिक सूझबूझ और अनुभव को देखते हुए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने उन्हें यह बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। डॉ महंत, मीनाक्षी नटराजन के साथ मिलकर ओडिशा कांग्रेस के मामलों में समन्वय करेंगे और पार्टी को विस्तृत रिपोर्ट पेश करेंगे।
इस नियुक्ति के बाद माना जा रहा है कि डॉ महंत की राजनीतिक पकड़ ओडिशा की राजनीति में भी मजबूत होगी। पार्टी नेतृत्व उनसे ओडिशा में जारी विवादों को सुलझाने और वहां पार्टी की स्थिति मजबूत करने की अपेक्षा कर रहा है।
डॉ महंत का यह नया दायित्व उनकी राजनीतिक यात्रा का एक और महत्वपूर्ण अध्याय साबित हो सकता है।