भाजपा नेता को सड़क पर पटककर मारा, VIDEO:गालियां दीं, बोला-चड्डा पहनकर घूमते हो; मॉर्निंग वॉक पर निकले थे अर्जुन भोजवानी
![](https://aakashtimes.com/wp-content/uploads/2024/06/Untitled-112.png)
बिलासपुर में गुरुवार तड़के भाजपा नेता पर एक युवक ने हमला कर दिया। आरोपी ने उनसे चड्डा पहनकर घूमने की बात कही और गाली-गलौज करते हुए सड़क पर पटक दिया। फिर पत्थर से सिर पर वार किए। इसके चलते भाजपा नेता घायल हो गए। वह मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे। मामला सिटी कोतवाली क्षेत्र का है। मारपीट का वीडियो भी सामने आया है।
जानकारी के मुताबिक, गोंडपारा, सुभाष नगर निवासी अर्जुन भोजवानी व्यापारी हैं। वह भाजपा के मंडल अध्यक्ष भी रह चुके हैं। रोज की तरह अर्जुन गुरुवार तड़के करीब 4.15 बजे रिवर व्यू के पास टहल रहे थे। इसी दौरान स्थानीय युवक विकास दुबे उर्फ मुंडू भी पहुंच गया।
![जमीन पर पटककर सिर में पत्थर से किया वार।](https://images.bhaskarassets.com/web2images/521/2024/06/06/44412815101111111110191010101010101001010101011011_1717617770.jpg)
गाली देने से मना किया तो मारपीट शुरू कर दी
आरोप है कि विकास दुबे ने बॉक्सर पहनकर वॉक कर रहे भोजवानी से कहा कि चड्डा पहनकर घूम रहे हो। इसके बाद गालियां देने लगा। उसकी हरकतों को देखकर भोजवानी ने मना किया तो आरोपी उनके पास आ गया और झगड़ा करना शुरू कर दिया।
बात इतनी ज्यादा बढ़ गई कि मारपीट होने लगी। आरोपी विकास ने भोजवानी को सड़क पर पटक दिया और फिर पत्थर उठाकर उनके सिर पर कई वार किए। इस हमले में भोजवानी के सिर और हाथ में चोटें आई हैं। झगड़ा देख आसपास के लोग पहुंचे और समझाकर मामला शांत कराया। फिलहाल भोजवानी ने मामले की शिकायत थाने में की है।
असामाजिक तत्वों पर नहीं है पुलिस का डर
शहर में पिछले कुछ समय से मारपीट, गुंडागर्दी और चाकूबाजी जैसी घटनाएं आम हो गई है। बदमाशों पर पुलिस का कोई डर नहीं रह गया है। रिवर व्यू में भी सुबह से लेकर शाम तक असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है। पुलिस उनके खिलाफ कार्रवाई भी नहीं करती, जिसके चलते उनका हौसला बढ़ गया है।