विशाल दही हांडी उत्सव में शामिल हुए मुख्यमंत्री साय: दही हांडी फोड़ कर गोविंदा टोलियों का किया उत्साहवर्धन, कहा- कृष्ण लीला हमें सिखाती है जीवन जीने की कला

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज राजधानी रायपुर के गुढ़ियारी स्थित अवधपुरी मैदान में आयोजित विशाल दही हांडी उत्सव में शामिल हुए। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने दही हांडी फोड़कर गोविंदा टोलियों का उत्साहवर्धन किया और कार्यक्रम को संबोधित किया।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दही हांडी उत्सव कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि भगवान श्री कृष्ण ने अपनी लीला से हमें जीवन जीने की कला सिखाई है। महाभारत में श्री कृष्ण ने अन्याय के विरुद्ध लड़ने का संदेश दिया। अन्याय के खिलाफ लड़ना ही सबसे बड़ा धर्म है। भगवान श्री कृष्ण ने हमें कर्म की प्रधानता की शिक्षा दी है।

मुख्यमंत्री ने इस कार्यक्रम के दौरान सभी लोगों को बधाई दी और कहा कि यह उनका पहला अवसर था जब वे इस उत्सव में शामिल हुए। उन्होंने सभी का आभार व्यक्त किया और भगवान कृष्ण की कृपा की कामना की। मुख्यमंत्री ने धर्म और अधर्म की लड़ाई में स्वर्गीय दिलीप सिंह जूदेव के योगदान को भी सराहा और धर्मांतरण का शिकार हुए लोगों की घर वापसी की चर्चा की। प्रबल प्रताप सिंह जूदेव द्वारा राजपरिवार की परंपराओं को आगे बढ़ाने की भी सराहना की।
