बिहार में वज्रपात से 22 लोगों की मौत, डेढ़ दर्जन से अधिक झुलसे; CM नीतीश ने जताया शोक

पटना। राज्य में गुरुवार को वर्षा के दौरान वज्रपात से 22 लोगों की मौत हो गई। इनमें मधुबनी में छह, पटना व औरंगाबाद में चार-चार, सुपौल में दो, जमुई, गया, कैमूर, नालंदा, गोपालगंज और बेगूसराय में एक-एक शामिल हैं। वहीं डेढ़ दर्जन से अधिक लोग झुलस गए। इनमें अधिकतर वर्षा के दौरान धान रोपनी, घास काटने, जलावन चुनने एवं मवेशी चराने का कार्य कर रहे थे।
नालंदा जिले के हरनौत के पकड़िया बिगहा गांव में दालान से घर जा रही कमलेश यादव की 30 वर्षीय पत्नी पिंकी देवी की वज्रपात की चपेट में आने से मौत हो गई। औरंगाबाद में वज्रपात से ओबरा थाना के डिहरी गांव निवासी सुनील चंद्रवंशी की 35 वर्षीय पत्नी प्रमिला देवी, कुराईपुर गांव निवासी रामदेव यादव उर्फ पिंटू कुमार, खिरियावां गांव निवासी उपेंद्र शर्मा की 40 वर्षीय पत्नी नगीना देवी एवं पलकिया टोला झगरु बिगहा गांव निवासी रघुनंदन दास की 55 वर्षीय पत्नी सुगिया देवी की मौत हो गई।