राकेश चतुर्वेदी, भोपाल। बीते दिनों केरल और त्रिपुरा में प्राकृतिक आपदा से कई घर तबाह हो गए। लगभग 50 हजार से अधिक लोगों को विस्थापित किया गया। उस दौरान रोंगटे खड़े करने वाली तस्वीरें भी सामने आई, जिन्हें देखने के बाद उनकी मदद करने के लिए लोग बढ़ चढ़कर आगे आए। वहीं अब मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी प्रभावितों को राहत देने के लिए बड़ा ऐलान किया है। सीएम ने कृष्ण जन्माष्टमी के पर्व पर दोनों राज्यों को 20-20 करोड़ रुपए की सहायता प्रदान करने की घोषणा की है। इसकी जानकारी उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए दी।
सीएम ने एक्स पर लिखा, “देश में मध्यप्रदेश सहित विभिन्न राज्य भीषण वर्षा, बाढ़ एवं भूस्खलन से प्रभावित हैं। पिछले कुछ दिनों में त्रिपुरा व केरल राज्य में भीषण प्राकृतिक आपदा की घटनाएं हुई हैं; जिसमें बड़े स्तर पर जन-धनहानि होना अत्यंत दुखद है। श्री कृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व पर मेरे द्वारा मध्य प्रदेश सरकार की ओर से 20-20 करोड़ रुपए त्रिपुरा और केरल की राज्य सरकारों को भीषण आपदा में राहत प्रदान करने हेतु जारी करने का निर्णय लिया गया है।मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आगे लिखा, “संकट की इस घड़ी में मध्य प्रदेश सरकार दोनों राज्यों के साथ है। आपदा प्रभावित लोगों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। भगवान श्री कृष्ण से जल्द ही इस संकट को दूर करने की प्रार्थना करता हूं।”