**कोरबा: एनीकट पचरा में लूट करने वाले दो फरार आरोपी गिरफ्तार, भेजा गया जेल**

कोरबा। थाना बांगो के अंतर्गत एनीकट पचरा में हुई लूट की घटना में पुलिस ने दो फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक श्री राजेश कुकरेजा के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नेहा वर्मा और डीएसपी श्री पंकज ठाकुर के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।
प्रकरण के अनुसार, प्रार्थी जयेश मिश्रा ने 31 अगस्त 2024 को थाना में लिखित आवेदन प्रस्तुत कर रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनकी कंपनी बीपी मिश्रा एण्ड कंपनी द्वारा ग्राम पचरा ताननदी में एनीकट निर्माण का काम चल रहा था, जहां एक कैंप भी स्थापित किया गया था। 31 अगस्त की रात करीब 3:30 बजे उन्हें मोबाइल फोन के जरिए सूचना मिली कि तीन अज्ञात नकाबपोशों ने कैंप में घुसकर चौकीदार हेमंत कुमार और सुपरवाईजर विजय साहू का हाथ बांध दिया और कैम्प से बैटरी, पानी पंप, लोहे की प्लेट और 14,000 रुपये की चोरी कर ली।
पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की और पहले ही सात आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया था। 8 अक्टूबर 2024 को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने फरार आरोपी मोहम्मद सलमान को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपराध स्वीकार कर लिया। उसके बाद, उसके सहयोगी जिसान मोहम्मद को भी गिरफ्तार किया गया, जिसने घटना के दिन चौकीदार और सुपरवाईजर को बांधकर 14,000 रुपये लूटने की बात कबूल की।
दोनों आरोपियों को साक्ष्य के आधार पर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। मामले के अन्य मुख्य आरोपी घटना के बाद से फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। इस मामले के निराकरण में निरीक्षक उषा सोधिया, सउनि ओमप्रकाश परिहार, आरक्षक अशोक खरे, जय प्रकाश यादव और गजेन्द्र बिंझवार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




