ख़बरराष्ट्रीय

ओम बिरला लोकसभा के स्पीकर होंगे:

भाजपा के पहले ऐसे सांसद जो इस पद पर दोबारा बैठेंगे

18वीं लोकसभा के पहले सत्र का मंगलवार (25 जून) को दूसरा दिन है। आज राहुल गांधी, अखिलेश यादव समेत 281 सांसद शपथ लेंगे। लोकसभा स्पीकर के नाम पर भी सहमति बन चुकी है। पिछली बार स्पीकर रहे भाजपा सांसद ओम बिरला दोबारा इस पद पर बैठेंगे। वे 11:30 बजे नामांकन दाखिल करेंगे।

राजस्थान के कोटा से सांसद ओम बिरला 2019 से 2024 तक स्पीकर रह चुके हैं। वे भाजपा के पहले ऐसे सांसद होंगे, जो लगातार दूसरी बार लोकसभा स्पीकर का पद संभालेंगे। अगर वे अपना कार्यकाल पूरा कर लेते हैं तो कांग्रेस के बलराम जाखड़ के रिकॉर्ड की बराबरी कर लेंगे।

दरअसल, बलराम जाखड़ 1980 से 1985 और 1985 से 1989 तक लगातार दो बार लोकसभा अध्यक्ष रह चुके हैं। उन्होंने अपने दोनों कार्यकाल पूरे किए थे। इनके अलावा जीएमसी बालयोगी और पीए संगमा जैसे नेता दो बार लोकसभा अध्यक्ष तो बने, लेकिन 5-5 साल के कार्यकाल पूरे नहीं कर पाए।

इससे पहले स्पीकर के नाम पर सहमति के लिए NDA की ओर से रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कमान संभाली। राजनाथ ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सपा प्रमुख अखिलेश यादव, DMK प्रमुख एमके स्टालिन और TMC चीफ ममता बनर्जी से बात की।

सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने राजनाथ से नियम के मुताबिक, डिप्टी स्पीकर का पद विपक्ष को देने की शर्त रखी है। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा- अगर विपक्ष को उपसभापति का पद दिया जाता है तो हम लोकसभा अध्यक्ष के चयन पर सरकार का समर्थन करेंगे। राजनाथ सिंह ने उपसभापति पद के लिए विपक्ष की मांग पर अभी तक कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।

राहुल गांधी बोले- उपसभापति का पद मिला तो स्पीकर का समर्थन करेंगे

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा- अगर विपक्ष को उपसभापति का पद दिया जाता है तो हम लोकसभा अध्यक्ष के चयन पर सरकार का समर्थन करेंगे। राजनाथ सिंह ने उपसभापति पद के लिए विपक्ष की मांग पर अभी तक कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।

विपक्ष बोला- सहमति बनाने का काम सरकार का

विपक्षी नेताओं ने कहा कि अध्यक्ष पद पर हमारा फैसला NDA के रुख के निर्भर करेगा। I.N.D.I.A के घटक दल RSP के सांसद एनके प्रेमचंद्रन ने कहा, ‘अगर सरकार सहमति बनाने का प्रयास नहीं करती तो विपक्ष चुनाव लड़ेगा। यह प्रथा है कि सहमति बनाने के लिए सरकार चर्चा करे।’

दरअसल, विपक्ष डिप्टी स्पीकर का पद चाहता है। कांग्रेस आठ बार के सांसद के. सुरेश को डिप्टी स्पीकर बनाने पर मंथन कर रही है। वे दलित समुदाय से आते हैं और प्रोटेम स्पीकर के सबसे बड़े दावेदार थे। ऐसे में सहमति न बनी तो चुनाव की नौबत आ सकती है। दूसरी ओर, भाजपा अपना स्पीकर चाहती है और इसके लिए डिप्टी स्पीकर पद सहयोगी दल को देने पर विचार कर रही है।

Related Articles

Back to top button