BJP सांसद भोजराज नाग बोले-नींबू काटकर उतार दूंगा भूत:कांकेर में अधिकारियों को दी चेतावनी, कहा- पुराने मानसिकता के अधिकारी सुधर जाएं

कांकेर लोकसभा सीट से बीजेपी सांसद भोजराज नाग ने अधिकारियों को चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि पुराने मानसिकता के कुछ अधिकारी हैं, वह अपनी मानसिकता त्याग दें। 6 महीने बाद फिर काम करेंगे, जिसमें किसी प्रकार का रोड़ा नहीं आना चाहिए। 6 महीने बाद मैं फिर भूत उतारूंगा।
सांसद नाग ने कहा कि सरकार के विकास कार्य में जो बाधा आ रही है उसे नींबू काटकर दूर कर दूंगा। चुनाव जीते 5 महीने हो गए हैं, जैसे ही 6 महीने हो जाएंगे वो फिर से नींबू काटकर भूत उतारना शुरू कर देंगे। ये बातें उन्होंने कांकेर के पखांजूर में जिला स्तरीय आवास मेला के दौरान कही है।

बाधा को नींबू काट करके दूर करेंगे
सांसद नाग ने मंच से कहा कि जन प्रतिनिधि होने के नाते जनता की जो समस्या है, उसको सरकार की योजना के अनुसार पूरा करेंगे। कोई बाधा आती है तो उसको नींबू काट कर दूर करेंगे। इसका मतलब ये है कि जो नकारात्मक शक्ति है, जो गलत शक्ति है उसे दूर करेंगे।
नाग ने कहा कि सकारात्मक शक्ति हमारे सभी लोग है, पार्टी के कार्यकर्ता है, जनप्रतिनिधि है, अधिकारी कर्मचारी हैं।




