देशभर में दशहरे का सेलिब्रेशन:राजनाथ ने दार्जिलिंग में शस्त्र पूजा की; कहा- हमने युद्ध तभी लड़े जब अखंडता-धर्म का अपमान हुआ

देशभर में आज दशहरा मनाया जा रहा है। विजयादशमी पर शस्त्र पूजा होती है, इसलिए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग में जवानों के साथ त्योहार मनाने पहुंचे। सुकना कैंट में रक्षा मंत्री ने पहले अस्त्र-शस्त्र की पूजा की। बाद में वहां मौजूद जवानों को तिलक लगाया।
- लोहे और लकड़ी से बनी चीजों की पूजा उस परंपरा का प्रतीक है, जिसमें हम किसी भी वस्तु के इस्तेमाल से पहले और बाद में उसके प्रति आभार व्यक्त करते हैं। यह प्रतीक है कि जरूरत पड़ने पर शस्त्रों को पूरी ताकत से प्रयोग किया जा सकता है।
- हमने कभी भी किसी देश पर पहले हमला नहीं किया है। हमें किसी से कोई दुश्मनी नहीं है। हमने युद्ध तभी लड़ा, जब किसी देश ने हमारी अखंडता और संप्रभुता का अनादर किया हो। जब किसी देश ने धर्म, सत्य और मानवीय मूल्यों का अपमान किया हो।
- सीमाओं पर सेनाओं की मौजूदगी से किसी भी घटना की संभावना नहीं है, लेकिन, मौजूदा हालात में अनदेखी नहीं कर सकते हैं। दुनिया में कुछ भी हो, तैयारियों में कोई कमी नहीं होनी चाहिए।
इधर, देशभर में कोलकाता, मैसूर, गुजरात, तेलंगाना, आंध्रप्रदेश समेत कई राज्यों में दशहरे का पर्व मनाया जा रहा है। शाम तक रावण दहन होगा। दुर्गा पंडालों में रखी गई देवी प्रतिमाओं का विजर्सन भी होगा।
मैसूर शाही परिवार के पूर्व राजा यदुवीर कृष्णदत्त चामराजा वाडियार ने विजयादशमी के अवसर पर मैसूर पैलेस के परिसर में बन्नी पूजा की।
बंगाल में दुर्गा पूजा के आखिरी दिन सिंदूर खेला मनाया जाता है। इस दौरान, विवाहित महिलाएं देवी के माथे और पैरों पर सिंदूर लगाती हैं। बाद में वही सिंदूर फिर एक-दूसरे पर लगाती हैं। ऐसा करते समय वे अपने पति और बच्चों की लंबी उम्र के लिए भी प्रार्थना करती हैं।
विजयादशमी के अवसर पर हैदराबाद के बशीर बाग में नाग लक्ष्मी कनक दुर्गा मंदिर में भक्तों की भीड़ उमड़ी। देवी के दर्शन के लिए लोग सुबह से ही लाइन में लगे हैं।




