NCP नेता बाबा सिद्दीकी की मुंबई में हत्या:Y-सिक्योरिटी के बावजूद गोलियां मारीं, लॉरेंस गैंग के शामिल होने का शक, 2 गिरफ्तार; सलमान की सुरक्षा बढ़ी

मुंबई में NCP (अजित गुट) नेता बाबा सिद्दीकी की शनिवार रात को गोली मारकर हत्या कर दी गई। उन पर बांद्रा में खेर नगर में अपने विधायक बेटे जीशान सिद्दीकी के ऑफिस के बाहर तीन बदमाशों ने फायरिंग की थी। सिद्दीकी को Y-कैटेगरी की सुरक्षा मिली हुई थी, लेकिन घटना के समय उनके साथ कोई कॉन्स्टेबल नहीं था।
सूत्रों के मुताबिक, ऑटो से आए 3 शूटर्स ने दो बंदूकों से 6 राउंड फायरिंग की। इनमें बाबा को 3 गोलियां लगीं। 2 गोलियां उनके पेट और 1 सीने पर लगी। तीनों ने मुंह पर रूमाल बांधा हुआ था। 3 में से 2 शूटर्स गिरफ्तार हो गए हैं। पूछताछ में उन्होंने बताया कि वे पिछले दो महीने से बाबा के घर और बेटे के ऑफिस की रेकी कर रहे थे।
घटना के पीछे गैंगस्टर लॉरेंस गैंग के शामिल होने की आशंका है। लॉरेंस गैंग का नाम सामने आने के बाद एक्टर सलमान खान के बांद्रा स्थित गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर सिक्योरिटी बढ़ा दी गई है। पुलिस की एक अतिरिक्त टीम तैनात की गई है। लॉरेंस गैंग ने सलमान के घर के बाहर 14 अप्रैल को फायरिंग कराई थी।
1. मुंबई के कूपर अस्पताल में सिद्दीकी के शव का पोस्टमॉर्टम जारी है। 5 डॉक्टर्स की टीम सुबह करीब 7:30 बजे से पोस्टमॉर्टम कर रही है। पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी हो रही है।
2. पोस्टमॉर्टम के बाद सिद्दीकी का शव अंतिम दर्शन के लिए उनके आवास मकबा हाइट्स ले जाया जाएगा। शाम करीब 7 बजे मगरिब की नमाज के बाद 8:30 बजे मरीन लाइंस स्टेशन के सामने बड़ा कब्रिस्तान में उन्हें सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा।
महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम और NCP चीफ अजित पवार कूपर अस्पताल पहुंचे हैं। उन्होंने मीडिया से कहा कि यह घटना विश्वास करने लायक नहीं है। पुलिस की 5 टीमें जांच में लगी है। CM शिंदे खुद मामले पर नजर रख रहे हैं। पुलिस बहुत जल्द असली मास्टरमाइंड का पता लगा लेगी। मैंने सीएम और उपमुख्यमंत्री दोनों से रात को बात की है।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने पूरे राजकीय सम्मान के साथ बाबा सिद्दीकी का अंतिम संस्कार कराने का निर्देश दिया है।
मशहूर वकील उज्ज्वल निकम ने कहा, ‘मुंबई में कल रात बेहद दुर्भाग्यपूर्ण घटना हुई, जिसमें NCP नेता बाबा सिद्दीकी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मुंबई में कई सालों से कोई पॉलिटिकल मर्डर नहीं हुआ था। इसमें ये सवाल उठता है कि ये मर्डर क्यों हुआ और किसने करवाया? दो संदिग्धों को लोगों ने घटनास्थल से पकड़ा और तीसरा भाग गया।
10-15 दिन पहले बाबा सिद्दीकी को धमकी मिली थी, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें सुरक्षा दी थी। हालांकि, मैं ये नहीं कह सकता कि इस धमकी का हत्या से कोई कनेक्शन है। धमकी का मकसद ये था कि कोई अपना वर्चस्व दिखाना चाहता था।
मुझे विश्वास है कि मुंबई क्राइम ब्रांच इसका पता लेगी। हालांकि, ये नहीं लगता कि राज्य की मशीनरी का कोई फेल्योर हुआ, क्योंकि पुलिस ने उन्हें सिक्योरिटी दी हुई थी। कल दशहरा था, इसके चलते घटनास्थल पर भीड़ थी। हो सकता है कि इसके चलते हमलावरों ने कुछ देर इंतजार किया हो।’
सूत्रों के मुताबिक, चार लोगों को सिद्दीकी की हत्या की सुपारी मिली थी। सभी 2 सितंबर से कुर्ला में 14 हजार रुपए देकर किराए के कमरे में रुके थे। चौथा शख्स हत्या की प्लानिंग और रेकी में शामिल था। वह घटनास्थल पर मौजूद नहीं था।
चारों को हत्या करने से पहले 50-50 हजार रुपए भी मिल गए थे। गुरमैल और धर्मराज के अलावा फायरिंग में शामिल तीसरा आरोपी पंजाब की जेल में एक-दूसरे से मिले थे। तीनों वहां पहले से जेल में बंद लॉरेंस गैंग के एक सदस्य के संपर्क में आए।
मुंबई पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी गुरमैल बलजीत सिंह (23 साल) हरियाणा और धर्मराज राजेश कश्यप (19 साल) उत्तर प्रदेश का रहने वाला है। तीसरे आरोपी की पहचान अभी उजागर नहीं हुई है। मुंबई पुलिस दिल्ली, मध्य प्रदेश और हरियाणा में उसकी तलाश कर रही है।
सूत्रों के अनुसार, शनिवार की रात दुर्गा विसर्जन जुलूस के दौरान पटाखे फोड़े जा रहे थे। आरोपियों ने इसी वक्त हमला किया। पटाखों की शोर के बीच हमलावरों ने सिद्दीकी पर गोली चलाई, जिससे फायरिंग की आवाज दब गई।
फायरिंग के बाद तीनों हमलावर भाग गए। करीब 50 मीटर की दूरी पर भीड़ ने दो आरोपियों को पकड़ लिया। एक भागने में कामयाब हो गया। निर्मल नगर पुलिस स्टेशन में अपराध संख्या 589/2024 में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1), 109, 125 और 3(5), साथ ही आर्म्स एक्ट की धारा 3, 25, 5 और 27 और महाराष्ट्र पुलिस एक्ट की धारा 37 और 137 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
सूत्रों के मुताबिक, मुंबई पुलिस लॉरेंस गैंग के अलावा कई एंगल से बाबा सिद्दीकी की हत्या की जांच कर रही है। इनमें कॉन्ट्रैक्ट किलिंग, व्यापारिक दुश्मनी और स्लम रिहैबिलिटेशन अथॉरिटी (SRA) प्रोजेक्ट से जुड़ा धमकी मामला शामिल है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, SRA झुग्गी बस्तियों की पहचान करने और झुग्गी पुनर्विकास कार्यों को शुरू करने की एक योजना है। हालांकि, SRA विवाद में बाबा की क्या भूमिका थी, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
बाबा सिद्दीकी पर 2000 से 2004 तक महाराष्ट्र हाउसिंग और एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी का चेयरमैन रहते हुए अपने पद का गलत इस्तेमाल करने का आरोप था। ED इस मामले की जांच भी कर रही थी।
मुंबई में NCP नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या के बाद बांद्रा स्थित उनके आवास मकबा हाइट्स के बाहर सन्नाटा पसरा है। भारी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात हैं। आसपास की सभी दुकानों को बंद करा दिया है।
कूपर अस्पताल में पोस्टमॉर्टम के बाद बाबा सिद्दीकी के शव को अंतिम दर्शन के लिए मकबा हाइट्स ले जाया जाएगा। शाम करीब 7 बजे मकबा हाइट्स में मगरिब की नमाज पढ़ी जाएगी। इसके बाद रात 8:30 बजे मरीन लाइंस स्टेशन के सामने बड़ा कब्रिस्तान में बाबा को सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा कि बाबा सिद्दीकी की हत्या चौंकाने वाली घटना है। यह भयावह घटना महाराष्ट्र में पूरी तरह ध्वस्त कानून-व्यवस्था को उजागर करती है। सरकार को जिम्मेदारी लेनी चाहिए और न्याय मिलना चाहिए।
मुंबई पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, घटना के पीछे बिश्नोई गैंग का हाथ हो सकता है। गिरफ्तार 2 आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे पिछले 25-30 दिनों से इस इलाके की रेकी कर रहे थे। तीनो आरोपी ऑटो रिक्शा से बांद्रा ईस्ट शूटिंग स्पॉट (जहां पर गोली चलाई गई) पर आए थे। सूत्रों ने बताया कि बाबा सिद्धकी पर गोली चलाने से पहले तीनों वहीं पर इंतजार भी कर रहे थे। पुलिस को शक है कि इन्हें स्थानीय सपोर्ट भी मिला था। कोई और भी था जो आरोपियों को जानकारी मुहैया करवा रहा था।
एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या के बाद राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी ने रविवार के अपने सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं। उधर, पुलिस ने जांच के लिए 5 टीमों का गठन किया है।
पुलिस के सूत्रों के मुताबिक, हत्या के पीछे लॉरेंस बिश्नोई गैंग का हाथ भी हो सकता है। सिद्दीकी के साथ उनके दोस्त और एक्टर सलमान को भी धमकियां मिल रही हैं।



भाजपा नेता शहनवाज हुसैन बोले- बाबा सिद्दीकी की हत्या बहुत दुखद है। वे वरिष्ठ नेता थे और एनडीए में थे। बांद्रा इलाके में उनका बड़ा नाम था। वे बिहार के रहने वाले थे। मुंबई में उन्होंने बड़ा नाम कमाया था। 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, एक फरार है। शिवसेना-बीजेपी के राज में कोई भी हत्या करके बच नहीं सकता। अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा।
लीलावती अस्पताल के डॉ. नीरज उत्तामनी ने ने कहा- उन्हें 12 अक्टूबर को रात 9:30 बजे NHRC इमरजेंसी में लाया गया। उनकी हालत बहुत खराब थी। उनकी पल्स नहीं चल रही थी। दिल की धड़कने भी बंद हो चुकी थीं। उनका बहुत खून बह चुका था। उन्हें तुरंत ही ISU में शिफ्ट किया गया। उन्हें होश में लाने के लिए बहुत कोशिश की गई, लेकिन हम उन्हें होश में नहीं ला पाए। रात 11:27 बजे उन्हें मृत घोषित किया गया।