NEET रिजल्ट में ग्रेस मार्क्स पाने वाले 1563 कैंडिडेट्स के लिए आज यानी 23 जून को रीएग्जाम होगा। एग्जाम दोपहर 2 बजे से शाम 5:20 बजे के बीच होना है।
NTA ने रीएग्जाम के एडमिट कार्ड 20 जून को जारी किए हैं। इस परीक्षा का रिजल्ट 30 जून तक जारी किया जाएगा। NEET UG का संशोधित रिजल्ट जारी होने के बाद काउंसलिंग की प्रक्रिया 6 जुलाई से शुरू होगी।
इससे पहले NEET-UG एग्जाम विवाद के बीच केंद्र सरकार ने शनिवार रात 9 बजे NTA (नेशनल टेस्टिंग एजेंसी) के डायरेक्टर जनरल सुबोध कुमार सिंह को हटा दिया। प्रदीप सिंह खरोला को नया डीजी नियुक्त किया गया है।
दूसरी तरफ, केंद्र ने NEET-UG एग्जाम में कथित अनियमितताओं के मामले की जांच CBI को सौंप दी है। शिक्षा मंत्रालय ने शनिवार देर रात इसकी घोषणा की।
6 शहरों में हो रहा है एग्जाम
NEET री-एग्जाम उन छह शहरों में हो रहा है, जहां समय के नुकसान के चलते बच्चों को ग्रेस मार्क्स दिए गए थे। री-एग्जाम इन्हीं 6 शहरों में है लेकिन परीक्षा केंद्र बदल दिए गए हैं। ये 6 शहर हैं-
- बालोद, छत्तीसगढ़
- दंतेवाड़ा, छत्तीसगढ़
- सूरत, गुजरात
- मेघालय, मेघालय
- बहादुरगढ़, हरियाणा
- चंडीगढ़
हरियाणा के झज्जर सेंटर में नहीं होगा एग्जाम
हरियाणा के झज्जर सेंटर से 720/720 स्कोर करने वाले 6 कैंडिडेट्स सामने आए थे। इस सेंटर पर रीएग्जाम कंडक्ट नहीं किया जाएगा। शिक्षा मंत्रालय से जुड़े अधिकारियों ने कहा कि एग्जाम के दौरान किसी तरह की परेशानी न आए, ये सुनिश्चित करने के लिए एग्जाम सेंटर्स में बदलाव किया गया है।
शिक्षा मंत्रालय के अधिकारी एग्जाम सेंटर्स पर मौजूद रहेंगे
NTA ने इस एग्जाम के लिए बने टेस्ट सेंटर्स पर ऑब्जर्वर अपॉइंट कर दिए हैं। एग्जाम के दौरान NTA और शिक्षा मंत्रालय के अधिकारी भी एग्जाम सेंटर्स पर मौजूद रहेंगे।
NEET PG परीक्षा देर रात स्थगित की गई
शनिवार रात 10 बजे केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने NEET PG प्रवेश परीक्षा को स्थगित कर दिया। परीक्षा आज 23 जून को होनी थी। मंत्रालय ने कहा है कि ऐसा एहतियाती उपाय के तौर पर किया जा रहा है। परीक्षा की नई तारीख जल्द ही घोषित की जाएगी।
स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा, ‘कुछ प्रतियोगी परीक्षाओं में गड़बड़ी की हालिया घटनाओं को ध्यान में रखते हुए, स्वास्थ्य मंत्रालय ने NEET-PG प्रवेश परीक्षा की तैयारियों की मजबूती की जांच करने का निर्णय लिया है। इसके अनुसार कल यानी 23 जून, 2024 को होने वाली NEET-PG प्रवेश परीक्षा को स्थगित करने का निर्णय लिया गया है।




