पुणे के गरबा किंग की गरबा खेलते वक्त मौत:वीडियो वायरल; दिल्ली में रामलीला के दौरान कलाकार की मौत

महाराष्ट्र के पुणे में गरबा करते हुए एक व्यक्ति को हार्ट अटैक आ गया। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना का वीडियो भी सामने आया है। जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
दरअसल, वायरल वीडियो में नजर आ रहा है कि अशोक माली नाम के व्यक्ति एक बच्चे के साथ गरबा कर रहे हैं। 20 सेकेंड के इस वीडियो में शुरूआती 10 सेकेंड तक सबकुछ ठीक नजर आता है।
11 सेकेंड पर अशोक के नाचने की स्पीड कम होती है। 12 सेकेंड पर वे आगे की तरफ झुकते हैं और 14वें सेकंड पर मुंह के बल जमीन पर जा गिरते हैं।
ये सब इतना जल्दी होता है कि कोई कुछ समझ नहीं पाता और अशोक को गिरने से बचा भी नहीं पाता। लोगों के मुताबिक, बेहोश हुए अशोक को तत्काल ही नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।


पूर्वी दिल्ली के 45 साल के सुशील कौशिक की रामलीला के दौरान दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई। सुशील भगवान राम की भूमिका निभा रहे थे। वे स्टेज पर एक सीन का अभिनय कर रहे थे, उसी समय यह घटना हुई।
वीडियो में देखा जा सकता है कि वे अपने दाहिने घुटने पर बैठे थे और उनके दोनों हाथ फैले हुए थे, तभी उन्हें दिल का दौरा पड़ा।
वे उठे और दो कदम चले लेकिन वे असहज महसूस करने लगे। उन्होंने एक हाथ सीने पर रखा और मंच के पीछे की ओर भागे जहां वे बेहोश हो गए। उन्हें आनंद विहार के कैलाश दीपक अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका निधन हो गया।




