गौठान में घुसे हाथियों की चिंघाड़ से गूंजा इलाका, VIDEO:दल से बिछड़कर गांव में आए, धरमजयगढ़ वन मंडल में 41 किसानों की फसलें चौपट

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में मंगलवार की रात 3 हाथी गौठान में घुस गए। बताया जा रहा है कि तीनों हाथी अपने दल से बिछड़कर ग्रामीण इलाके में पहुंचे थे। बोकरामुड़ा गांव के गौठान में चिंघाड़ रहे थे, जिनका वीडियो भी सामने आया है। मामला धरमजयगढ़ वन मंडल के छाल रेंज का है।
ग्रामीणों ने वन विभाग के कर्मचारियों को इसकी सूचना दी। खबर मिलते ही वन अमला मौके पर पहुंचा। हाथियों को जंगल की ओर खदेड़ा गया। देर रात हाथियों का दल जंगल की ओर चला गया। बताया जा रहा है कि खाना और पानी की तलाश में हाथी गांव में घुसे थे।

किसानों ने बताया कि हाथियों के दल ने मंगलवार की देर रात धर्मजयगढ़ वन मंडल के 41 जगहों पर फसलों को नुकसान किया है। बुधवार की रात भी धरमजयगढ़ के बरपाली, छाल रेंज के कुछ गांव में भी किसानों की फसलों को रौंदा है, जिससे किसानों को बड़ा नुकसान हुआ है।

बुधवार की रात धरमजयगढ़ वन मंडल के 368 आरएफ में 6-7 हाथियों का दल विचरण कर रहा था। इसी दौरान राइस मिल के बगल से मेडरपार रोड को पार कर कोसाबाड़ी में चले गए। वहां से हाथियों का दल सीलिंग पारा के पास जंगल की ओर चला गया है। संतोषनगर और मेढरमार गांव में रहने वालों को सतर्क रहने को कहा गया है।

विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक जिले में कुल 93 हाथी विचरण कर रहे हैं। रायगढ़ वन मंडल में 45 और धरमजयगढ़ वन मंडल में 48 हाथी हैं, जिसमें नर की संख्या 27, मादा 42 और शावक 24 शामिल हैं। विभागीय आंकड़ा के अनुसार बुधवार तक छाल रेंज में हाथियों का 51 हाथी अलग अलग जंगल में विचरण कर रहे थे।



