छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ के 11 जिलों में यलो अलर्ट:रायपुर, बिलासपुर, बस्तर संभाग में बूंदाबांदी के आसार; रायपुर में बिजली गिरने से लड़की की मौत, 6 झुलसीं

छत्तीसगढ़ में लौटता मानसून एक बार फिर बरसने वाला है। मौसम विभाग ने बस्तर, कोंडागांव, कांकेर सहित 11 जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है, यहां गरज-चमक के साथ बिजली गिर सकती है। वहीं रायपुर, बिलासपुर और बस्तर संभाग के जिलों में बूंदाबांदी के आसार हैं।

इससे पहले रायपुर में बुधवार दोपहर बिजली गिरने से एक लड़की की मौत हो गई, जबकि 6 महिलाएं झुलस गई हैं। सभी खेत में काम करने के लिए गई थीं। इसी दौरान हादसा हो गया। मामला सिलियारी के गोड़ी गांव का है। लड़की की पहचान कामिनी साहू (17) के रूप में हुई है।

बुधवार को प्रदेश में मानसून की सक्रियता सामान्य से कम रही। प्रदेश में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। बलरामपुर में 20 मिमी पानी बरसा है।

  • प्रवाहकीय सामग्री (कंडक्टिव- जिससे करंट फैल सकता है) उससे दूर रहें।
  • ऊंची संरचनाओं (खंभे, पेड़, छत, मचान) से दूर रहें।
  • विस्फोटकों के क्षेत्र में हैं, तो यहां से तुरंत सुरक्षित स्थल की ओर चले जाएं।
  • दोपहिया वाहन से दूर रहें। ये वाहन बिजली को आकर्षित कर सकते हैं।
  • पानी से दूर रहें। पानी बिजली को आकर्षित करता है।
  • सड़क पर हैं, लेकिन सुरक्षित स्थल में नहीं जा सकते हो, तो कोई ऐसी गाड़ी जिसकी छत मजबूत हो, सुरक्षित स्थल हो सकता है।

मानसून की बिदाई के दौरान सीवी क्लाउड यानी क्यूमोलोनिंबस क्लाउड बनने के कारण बादल और छोटे-छोटे पैकेट में बारिश हो रही है। जिसके कारण दिन में तेज गर्मी और उमस से लोगों को राहत मिली। बुधवार को रायपुर में सुबह धूप निकली लेकिन दोपहर बाद बादल छाए रहे, जिसकी वजह से लोगों को गर्मी से राहत मिली।

रायपुर में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान 34°C और 25°C के आसपास रहने की संभावना है। बुधवार को रायपुर में दिन का पारा 34.3 डिग्री रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से 1.8 डिग्री अधिक रहा।

मौसम विभाग के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी शुरू हो चुकी है। उत्तर-पश्चिम भारत के बड़े हिस्से से मानसून लौट चुका है। छत्तीसगढ़ से अगले सप्ताह तक मानसून लौट जाएगा। उसके बाद रात के तापमान में गिरावट होगी।

Related Articles

Back to top button