ख़बर

पार्टी लाइन तोड़ने वाले नेताओं पर भाजपा हुई सख्त

रांची: झारखंड में भारतीय जनता पार्टी ने उन नेताओं-कार्यकर्ताओं पर कार्रवाई की तैयारी कर ली है, जिन्होंने पार्टी के आदेशों-निर्देशों की अवहेलना की या पार्टी लाइन से बाहर जाकर बयानबाजी की। मोदी 1.0 सरकार में मंत्री रहे हजारीबाग के मौजूदा सांसद जयंत सिन्हा एवं धनबाद के विधायक राज सिन्हा सहित कई अन्य नेता अनुशासनिक कार्रवाई की जद में हैं। पार्टी ने इन दोनों को सोमवार देर शाम शो-कॉज नोटिस थमा दिया। पार्टी को सूचना मिली है कि हजारीबाग, गोड्डा, जमशेदपुर, चतरा, दुमका, धनबाद और गिरिडीह सीटों पर कई नेताओं-कार्यकर्ताओं ने पार्टी की ओर से दी गई जिम्मेदारियों के निर्वहन में कोताही बरती या फिर पार्टी के सामान्य अनुशासन का पालन नहीं किया।

पार्टी के प्रदेश महामंत्री आदित्य साहू ने जयंत सिन्हा को भेजे गए शो-कॉज नोटिस में कहा है कि लोकसभा चुनाव, 2024 में जब से हजारीबाग लोकसभा सीट से पार्टी ने मनीष जायसवाल को प्रत्याशी घोषित किया है, तब से न आप न तो चुनाव प्रचार और न ही संगठनात्मक कार्य में रुचि ले रहे हैं। लोकतंत्र के महापर्व में आपने अपने मताधिकार का भी प्रयोग करना उचित नहीं समझा। आपके इस रवैए से पार्टी की छवि धूमिल हुई है। जयंत सिन्हा को कहा गया है कि पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी के निर्देशानुसार वे दो दिनों में स्पष्टीकरण दें। जयंत सिन्हा हजारीबाग से दो टर्म और उनके पिता यशवंत सिन्हा तीन टर्म भाजपा के टिकट पर संसद के लिए चुने गए हैं। 26 साल बाद पार्टी ने इस बार सिन्हा परिवार से इतर स्थानीय विधायक मनीष जायसवाल को उम्मीदवार बनाया है। उम्मीदवार बनने के बाद मनीष जायसवाल खुद जयंत सिन्हा के आवास गए और उनसे सहयोग-समर्थन मांगा। मनीष जायसवाल ने मुलाकात की तस्वीर साझा कर यह संदेश देने की कोशिश की थी कि उन्हें जयंत सिन्हा का समर्थन हासिल है। लेकिन इसके बाद जयंत न तो किसी सभा में शामिल हुए, न प्रचार में।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button