7 राज्यों की 13 सीटों पर उपचुनाव के नतीजे:बंगाल की चारों सीटों पर TMC आगे, बिहार की रूपौली सीट से बीमा भारती पीछे

मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल, बिहार समेत 7 राज्यों की 13 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के आज नतीजे आने वाले हैं। इन सीटों पर 10 जुलाई को वोटिंग हुई थी। इनमें से 10 सीटें विधायकों के इस्तीफे और तीन सीट विधायकों के निधन की वजह से खाली हुई थी।
पंजाब की जालंधर वेस्ट विधानसभा सीट पर AAP की जीत हो चुकी है। AAP कैंडिडेट मोहिंदर भगत ने 37,325 वोटों से जीत हासिल की हैं। हिमाचल की 3 सीटों में दो के नतीजे आ गए हैं। देहरा सीट से सीएम सुखविंदर सुक्खू की पत्नी कमलेश ठाकुर जीत गई हैं। हमीरपुर से बीजेपी के आशीष शर्मा जीत गए हैं। हालांकि, अभी औपचारिक ऐलान बाकी है।
पश्चिम बंगाल की चारों सीटों पर TMC आगे चल रही है। इनमें से तीन सीटें पिछली बार बीजेपी ने जीती थीं। बिहार के रुपौली में निर्दलीय शंकर सिंह आगे चल रहे हैं। यहां से 5 बार की विधायक रहीं बीमा भारती पीछे हैं। वो लोकसभा चुनाव से पहले JDU से RJD में गई थीं।
उत्तराखंड की दोनों सीटों पर कांग्रेस बढ़त बनाई हुई है। एमपी के अमरवाड़ा में कांग्रेस के धीरन शाह बीजेपी के कमलेश शाह से आगे चल रहे हैं। लोकसभा चुनाव के बाद NDA और इंडिया ब्लॉक के बीच ये पहला चुनावी मुकाबला है। पिछले चुनावों में इन 13 सीटों में से बीजेपी ने 3 सीटें जीती थीं। अन्य 10 में से कांग्रेस ने 2 और अन्य पार्टियों ने 8 सीटों पर जीत दर्ज की थी।