कांग्रेस न्याय यात्रा…भाषण के दौरान महंत भूले बैज का नाम:पूर्व सीएम, PCC चीफ दिखे मोबाइल में बिजी; CM साय बोले- क्षमा यात्रा निकालनी चाहिए

छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की न्याय यात्रा का समापन हो गया है। यात्रा के जरिए कांग्रेस ने प्रदेश में बढ़ते अपराध को लेकर साय सरकार को टारगेट किया। यात्रा के पहले दिन अलग-थलग पड़े कांग्रेसी समापन समारोह के दिन सचिन पायलट और राष्ट्रीय नेताओं के सामने एकजुट दिखे। मंच से भाषण के दौरान जहां चरणदास महंत दीपक बैज का नाम भूल गए। वहीं इस दौरान भूपेश बघेल और दीपक बैज मोबाइल चलाते नजर आए।
भाजपा ने न्याय यात्रा पर तंज कसा है। सीएम साय ने कहा कि कांग्रेस को न्याय यात्रा नहीं बल्कि क्षमा यात्रा निकालनी चाहिए। 27 सितंबर को बलौदाबाजार के गिरौदपुरी से शुरू हुई यात्रा 2 अक्टूबर को गांधी मैदान में खत्म हुई।

ग्रामीण इलाकों में अलग, शहर में एकजुट दिखे कांग्रेसी
यात्रा के पहले दिन गिरौदपुरी से दीपक बैज, टीएस सिंहदेव, चरणदास महंत, शिव डहरिया, ज्योत्सना महंत, प्रमोद दुबे, विकास उपाध्याय समेत अन्य नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एक साथ यात्रा शुरू की थी। लेकिन यात्रा के आधे घंटे बाद ही कांग्रेस के सभी दिग्गज नेता बैज को पीछे छोड़कर आगे बढ़ गए।
इसके अलावा दूसरे दिन बड़े नेता यात्रा में शामिल नहीं हुए। तीसरे दिन पोस्टर विवाद हुआ। कांग्रेस नेताओं की इस गुटबाजी का मीडिया में प्रकाशन हुआ तो 30 सितंबर से कांग्रेस नेता सक्रिय हुए और 2 अक्टूबर को समापन तक सभी नेता एकजुट होकर चलने लगे और कार्यकर्ताओं को विवाद नहीं करने की समझाइश भी दी।
