रायपुर समेत छत्तीसगढ़ के 3 संभागों में लू का अलर्ट:कई जिलों में नाइट टेंपरेचर 32 पार;गर्मी से बचाने जानवरों पर स्प्रिंकलर से पानी छिड़काव
नौतपा के 6वें दिन भी छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी रहेगी। मौसम विभाग के मुताबिक आज प्रदेश के अधिकतम तापमान में बदलाव नहीं होगा। रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर में हीट वेव और रात के समय भी तापमान ज्यादा रहेगा। बुधवार को रायगढ़ 46.7 डिग्री के साथ प्रदेश में सबसे गर्म रहा। रायपुर (माना) में 45.7 और बलरामपुर में 45.6 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया।
बुधवार से प्रदेश के ज्यादातर जिलों में शाम 7 बजे के बाद भी गर्म हवाएं चल रही हैं। हालांकि आसमान में कुछ जगहों पर बादल भी छाए हुए हैं। रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग में रात का तापमान 31 डिग्री के पार रहा। जिससे गर्मी और उमस से लोग परेशान रहे। वहीं, ओवरहीट की वजह से बिलासपुर में अलायंस एयर ने फ्लाइट पर लगेज ले जाने पर रोक लगा दी है।
22 जिलों में हीटवेव और रात तापमान रहेगा ज्यादा
मौसम विभाग ने आज प्रदेश के कोरिया, सूरजपुर, बलरामपुर, बिलासपुर, गौरेला-पेंड्रा मरवाही, कोरबा, मुंगेली, जांजगीर, सक्ती, रायगढ़, सारंगढ़-बिलाईगढ़, राजनन्दगाँव, खैरागढ़- छुईखदान-गंडई, मोहाला मानपुर-आम्बागढ़ चौकी, रायपुर, बलोदाबाजार-भांटापारा, महासमुंद, दुर्ग, बालोद, बेमेतरा एवं कबीरधाम जिलों में एक-दो जगहों पर हीट वेव और रात का तापमान गर्म रहने की चेतावनी के साथ यलो अलर्ट जारी किया है।
बुधवार को ऐसा रहा मौसम
रायपुर-दुर्ग में सुबह बादलों के बाद दोपहर में कड़ी धूप
रायपुर और दुर्ग में बुधवार सुबह से बादल छाए थे, लेकिन फिर 10 बजे तेज धूप निकल आई। सुबह से चल रही गर्म हवाएं दोपहर होते-होते लू में बदल गईं। मौसम विज्ञानी ने बताया कि एक द्रोणिका उत्तर प्रदेश से पूर्वी मध्य प्रदेश होते हुए उत्तरी छत्तीसगढ़, झारखंड और पश्चिम बंगाल तक बना हुई है। जो मध्य समुद्र तल से 0.9 किलोमीटर की ऊंचाई पर स्थित है, इसकी वजह से बादल छाए थे।
रायपुर में आज आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। बुधवार को अधिकतम तापमान 45 डिग्री और न्यूनतम तापमान 31 डिग्री रिकॉर्ड किया गया