**कोरबा: नगर सेना की महिला कर्मी के पति की निर्मम हत्या, इलाके में हड़कंप**

कोरबा जिले के सिंगापुर इलाके से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। नगर सेना में कार्यरत महिला कर्मी सुक्रिता सिंह कंवर के पति, शिव प्रसाद कंवर (46 वर्ष) की अज्ञात हमलावर द्वारा बेरहमी से हत्या कर दी गई। हत्यारे ने शिव प्रसाद के गर्दन और शरीर के अन्य हिस्सों पर टांगी से ताबड़तोड़ हमला किया, जिससे वह मौके पर ही मौत के घाट उतर गए।
सूचना के अनुसार, घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र में हुई। शिव प्रसाद का शव घर के अंदर खून से लथपथ मिला। घटना के समय उनकी पत्नी सुक्रिता ड्यूटी पर थीं, जबकि शिव प्रसाद घर पर अकेले थे। इस निर्मम हत्या से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। फोरेंसिक एक्सपर्ट की टीम और डॉग स्क्वायड भी मौके पर बुलाए गए हैं। पुलिस के उच्च अधिकारी भी घटनास्थल का मुआयना करने पहुंचे हैं।
पुलिस ने मामले में कुछ संदेहियों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। हालांकि, हत्या के पीछे के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। पुलिस ने आसपास के लोगों से भी पूछताछ शुरू कर दी है।
इस घटना ने इलाके में सुरक्षा को लेकर नई चिंताएँ पैदा कर दी हैं, और लोग इस निर्मम कृत्य के पीछे के कारणों को जानने के लिए बेचैन हैं। पुलिस इस मामले में जल्द से जल्द कार्रवाई का आश्वासन दे रही है।




