छत्तीसगढ़

विधायक की गिरफ्तारी और लाठीचार्ज के विरोध में प्रदर्शन:दुर्ग में कांग्रेसियों ने गृहमंत्री का पुतला फूंका; कहा-पुलिस अपना रही तानाशाही रवैया

दुर्ग-भिलाई में कांग्रेस ने प्रदेश के गृहमंत्री विजय शर्मा का पुतला दहन किया। पुलिस के कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज के विरोध और बलौदाबाजार हिंसा मामले में विधायक की गिरफ्तारी को लेकर कांग्रेसियों ने प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।

बलौदाबाजार हिंसा में कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव और सतनामी समाज के युवकों की गिरफ्तारी के बाद कांग्रेस लगातार प्रदर्शन कर रही है। भिलाई तीन में प्रदर्शन के दौरान पुलिस के कांग्रेसियों पर लाठीचार्ज ने इस आक्रोश को और बढ़ा दिया है। इसे लेकर कांग्रेस और यूथ कांग्रेस लगातार प्रदर्शन कर रही है।

 

गुरुवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दुर्ग के पटेल चौक में पुतला दहन का आयोजन किया। इसमें बड़ी संख्या में कांग्रेसी मौजूद रहे। प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा। सैकड़ों जवानों की मौजूदगी के बाद भी कांग्रेसियों ने गृहमंत्री का पुतला दहन किया।

पुलिस ने पुतला दहन रोकने के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रखी थी, लेकिन पुलिस इसमें कामयाब नहीं हो सकी। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गया पटेल ने कहा कि जब से भाजपा की सरकार आई है। पुलिस का रवैया तानाशाही हो गया है। सरकार के इशारे पर पुलिस बरबर्तापूर्ण कार्रवाई कर रही है।

प्रदेश सरकार के खिलाफ की नारेबाजी।

उन्होंने कहा कि भिलाई तीन में कांग्रेस शांतिपूर्ण तरीके से धरना प्रदर्शन कर रही थी। इसके बाद भी पुलिस ने उनके ऊपर लाठी चलाई। इसमें कई लोग घायल हुए हैं। साथ ही बलौदाबाजार हिंसा मामले में भी निर्दोष लोगों को फंसाया जा रहा है। उन्हें गिरफ्तार किया जा रहा है। इसी के विरोध में पुतला दहन करके विरोध व्यक्त किया है।

Related Articles

Back to top button