राहुल गांधी नामांकन के लिए रायबरेली पहुंचे:सोनिया, प्रियंका, रॉबर्ट वाड्रा भी साथ में; कांग्रेस ने अमेठी से किशोरी लाल शर्मा को उतारा

राहुल गांधी नामांकन के लिए रायबरेली पहुंच गए हैं। उनके साथ मां सोनिया गांधी, बहन प्रियंका गांधी, जीजा रॉबर्ट वाड्रा भी हैं। राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत भी विशेष विमान से राहुल के साथ आए हैं। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे भी थोड़ी देर में रायबरेली पहुंच रहे हैं।
राहुल करीब 12.30 बजे नामांकन करेंगे। आज (शुक्रवार) को नामांकन का आखिरी दिन है। कांग्रेस ने आज सुबह ही रायबरेली से राहुल के नाम का ऐलान किया। वहीं, अमेठी सीट से किशोरी लाल शर्मा को उतारा है। वह सोनिया गांधी के भरोसेमंद माने जाते हैं।

भाजपा ने रायबरेली से योगी सरकार में मंत्री दिनेश प्रताप सिंह को टिकट दिया है, जबकि अमेठी से स्मृति ईरानी लड़ रही हैं। पहले कांग्रेस नेताओं ने राहुल के अमेठी और प्रियंका के रायबरेली से लड़ने की बात कही थी। अमेठी सीट पर भी आज नामांकन का आखिरी दिन है।
टिकट मिलने के बाद किशोरी लाल शर्मा ने कहा- मेरे जैसे छोटे कार्यकर्ता को अपनी पारिवारिक सीट की जिम्मेदारी दी है। मैं पूरी कोशिश करूंगा कि यहां मेहनत करूं। मैंने राजीव गांधी के साथ अपने करियर की शुरुआत की थी।

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा-किशोरी लाल का हमारे परिवार से वर्षों का नाता है। अमेठी, रायबरेली के लोगों की सेवा में वे हमेशा मन-प्राण से लगे रहे। उनका समर्पण उन्हें इस चुनाव ने सफलता दिलाएगा।
वहीं, अमेठी से दावेदारी छोड़ने पर यूपी के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने राहुल पर तंज कसा। कहा-राहुल अमेठी से पलायन करके वायनाड गए। रायबरेली की जनता समझ चुकी है, ये रणछोड़ दास लोग हैं। वहीं, पूर्व केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा-गांधी परिवार जहां से हारता है, वहां दोबारा नहीं जाता है।