कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में सोमवार को तेज रफ्तार पिकअप पलटने से 15 लोगों की मौत हो गई। पिकअप अनियंत्रित होकर 20 फीट गहरे गड्ढे में गिर पड़ी। वहीं 25 से ज्यादा लोग घायल हो गए हैं। हादसे के दौरान पिकअप में 40 से ज्यादा लोग सवार बताए गए हैं। हादसा होते आसपास के लोगों ने देखा तो गांव में सूचना दी। इसके बाद ग्रामीण मौके पर लोगों की मदद के लिए पहुंचे हुए हैं। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके के लिए रवाना हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार, पिकअप में सवार सभी लोग सेमहारा गांव से पिकअप में सवार होकर निकले थे। इसके बाद दोपहर करीब 2 बजे गांव लौट रहे थे। पुलिस के पहुंचने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। इससे पहले रविवार रात भी कोतवाली क्षेत्र के सिंघनपुरी गांव के पास एक ही ट्रक से पुलिस की तीन गाड़ियां हादसे का शिकार हुई थीं। इसमें एक आरक्षक की मौके पर मौत हो गई, वहीं चालक समेत 4 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं।

