बिलासपुर का सॉफ्टवेयर इंजीनियर ड्रीमगर्ल की चाहत में ठगी का शिकार बन गया। उससे 1 करोड़ 40 लाख रुपए की ठगी हो गई। मिमिक्री आर्टिस्ट ने लड़की की आवाज में उससे बात की और शादी करने की बात कहकर फंसा लिया। इसके बाद फीमेल वॉइस में ब्लैकमेल कर पैसे वसूलता रहा। मामला सरकंडा थाना क्षेत्र का है।
परेशान होकर इंजीनियर ने पुलिस से शिकायत की। मामले की जांच करते हुए पुलिस आरोपी तक पहुंच गई और उसे मध्यप्रदेश के मैहर से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने एसपी रजनेश सिंह के आगे बताया कि उसने कैसे आवाज बदलकर इंजीनियर को अपना शिकार बनाया।

शादी करने के लिए लड़की तलाश रहा था फरियादी
SP रजनेश सिंह ने बताया कि सरकंडा निवासी नितिन जैन महाराष्ट्र के पुणे में सॉफ्टवेयर इंजीनियर है। उसे शादी करने के लिए लड़की की तलाश थी। कुछ दिन पहले मध्यप्रदेश के मैहर का रोहित जैन (33 वर्ष) अपने भाई से मिलने पुणे गया था।
इसी दौरान नितिन रोहित से मिला। बातचीत में उसने बताया कि शादी के लिए उसे लड़की की तलाश है। बस इसी का फायदा उठाते हुए रोहित ने नितिन से मेल-जोल बढ़ाना शुरू कर दिया। उसने लड़की तलाशने की बात कहकर नितिन को अपने भरोसे में ले लिया।


