ख़बर

चक्रवाती तूफान में बदला रेमल, सात राज्यों में बारिश-तूफान की चेतावनी

देश के एक बड़े हिस्से में इन दिनों भीषण गर्मी पड़ रही है। इस बीच, बंगाल की खाड़ी में सीजन का पहला चक्रवाती तूफान भी उठा है। इसे रेमल नाम दिया गया है। बंगाल की खाड़ी के ऊपर गहरा दबाव बना और शनिवार देर शाम तक भीषण चक्रवाती तूफान रेमल में बदल गया। चक्रवात रेमल पश्चिम बंगाल के सागर द्वीप और बांग्लादेश के खेपुपाड़ा के बीच रविवार आधी रात को टकरा सकता है। मौसम विभाग ने द्वारा शनिवार को यह जानकारी दी गई। बंगाल की खाड़ी में मानसून से पहले इस मौसम में यह पहला चक्रवात है। इस बारे में मौसम विभाग का कहना है कि यह चक्रवाती तूफान 110-120 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से टकरा सकता है। यह भी कहा गया है कि चक्रवाती तूफान 135 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार पकड़ सकता है। मौसम विभाग ने 26 मई और 27 मई को पश्चिम बंगाल और उत्तरी ओडिशा के तटीय जिलों में अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इसके अलावा पूर्वोत्तर भारत के कुछ हिस्सों में 27 मई और 28 मई को भारी से भारी वर्षा हो सकती है। तूफान के टकराने के समय समुद्र में 1.5 मीटर ऊंची लहरें उठने की आशंका है जिससे तटीय पश्चिम बंगाल और बांग्लादेश के निचले इलाके डूब सकते हैं।

मछुआरों को समुद्र तट पर न जाने की चेतावनी
मौसम विभाग द्वारा मछुआरों को 27 मई की सुबह तक बंगाल की खाड़ी के उत्तरी हिस्से में समुद्र में न जाने की चेतावनी दी है। यह चेतावनी दी गई है कि 26 मई और 27 मई को दक्षिण 24 परगना में 100 से 110 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। इसके अलावा उत्तर 24 परगना में भी 110 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है। विभाग ने कोलकाता, हावड़ा, नादिया और पूर्व मेदिनीपुर जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में अगले दो दिनों में कुछ स्थानों पर मूसलाधार बारिश के साथ 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button